नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने सोमवार को भीमताल स्थित विश्वविद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी, भेषज विज्ञान और प्रबंध अध्ययन विभाग का जायजा लेते हुए शैक्षणिक व्यवस्थाओं, शोध कार्यों, पुस्तकालय और अन्य संसाधनों की स्थिति देखी। कुलपति ने सभी विभागों को नैक (राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद) के मानकों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।कुलपति सुबह करीब 10 बजे जैव प्रौद्योगिकी विभाग पहुंचे। उन्होंने विभाग की व्यवस्थाओं और विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके बाद कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की और पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। छात्रावासों का भी निरीक्षण किया गया।इसके बाद कुलपति ने भेषज विज्ञान विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग में स्थापित उपकरणों और प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं को देखा। शोध कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित किया। विभाग में चल रही आंतरिक परीक्षाओं की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। विद्यार्थियों से पठन-पाठन के संबंध में फीडबैक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रबंध अध्ययन विभाग के निरीक्षण के दौरान कुलपति ने शोध कार्यों, विभागीय विकास और पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभागों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. बिष्ट ने सभी विभागों में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी सामग्री का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैक मूल्यांकन को ध्यान में रखते हुए विभाग अपनी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और मानकों के अनुरूप रखें।
साथ ही संबंधित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।गौरतलब है कि प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने 22 सितंबर को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार संभाला था। इसके बाद से वह विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।निरीक्षण के दौरान परिसर निदेशक प्रो. एलके सिंह, तकनीकी संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. अनीता सिंह, फार्मेसी विभागाध्यक्ष प्रो. कुमुद उपाध्याय, जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. वीना पांडे सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।







