नैनीताल।कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित जन्तु विज्ञान विभाग की शोध प्रयोगशाला और प्राणी संग्रहालय में संचालित गतिविधियों का सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के पूर्व कुलपति एवं उत्तराखंड भाषा संस्थान के राज्य मंत्री प्रो. जगत सिंह बिष्ट तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग में चल रहे शोध कार्यों की जानकारी लेने के साथ ही उपलब्ध वैज्ञानिक संसाधनों और संरक्षित नमूनों का अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अतिथियों ने शोध प्रयोगशाला में संचालित विभिन्न परियोजनाओं पर विभागीय शिक्षकों से चर्चा की। उन्होंने प्राणी संग्रहालय में रखे विभिन्न नमूनों को देखा और उनके शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रो. जगत सिंह बिष्ट और प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विभाग में हो रहे शोध कार्यों तथा संग्रहालय में उपलब्ध विविध नमूनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में इस तरह की प्रयोगशालाएं और संग्रहालय विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ विषय का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे वैज्ञानिक समझ विकसित करने और शोध के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद मिलती है।उन्होंने विभाग में विकसित शोध सुविधाओं और संग्रहालय की गतिविधियों को उपयोगी बताते हुए इनके अनुभवों को अन्य विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने तथा ऐसी व्यवस्थाओं को अपनाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार आर्य, प्रो. एससीएस बिष्ट, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. मुकेश सामंत, डॉ. दीपक मेलकानी और डॉ. सीता देवली मौजूद रहे।





