राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य के स्वागत की तैयारी.. रामनगर से हल्द्वानी तक होंगे कार्यक्रम… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल…

15

 

नैनीताल। उत्तराखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य के पहली बार नैनीताल जनपद पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह उनका स्वागत करेंगे। रविवार, 18 अक्टूबर को रामनगर से हल्द्वानी तक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए भाजपा जिला संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम की शुरुआत रामनगर विधानसभा क्षेत्र के मालधन चौड़ से होगी, जबकि समापन शाम छह बजे काठगोदाम स्थित ठंडी सड़क के शहीद पार्क में प्रस्तावित है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत ने बताया कि सांसद के स्वागत कार्यक्रम को लेकर संगठन की तैयारी बैठक हो चुकी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे मालधन क्षेत्र की चंद्रनगर वन चौकी से स्वागत का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद मालधन नंबर-दो चौराहा, पीरुमदारा चौराहा, टांडा, चिल्किया और शिवलालपुर चुंगी सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता सांसद का अभिनंदन करेंगे।रामनगर नगर क्षेत्र में भवानीगंज चौराहा, रानीखेत रोड, लखनपुर चुंगी और रामनगर डिग्री कॉलेज समेत अन्य स्थानों पर भी स्वागत कार्यक्रम रखे गए हैं। इसके बाद कार्यक्रम कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। मालधन, पीरुमदारा, रामनगर ग्रामीण, रामनगर नगर, कोटाबाग, कालाढूंगी, लामाचौड़, बिठौरिया और मुखानी मंडलों के कार्यकर्ता भी इसमें भाग लेंगे।
स्वागत कार्यक्रमों में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सांसद की आगवानी करेंगे।
गणेश रावत ने कहा कि सांसद के प्रथम जनपद आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन की ओर से विभिन्न स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कार्यक्रम में भागीदारी कर सकें।