नैनीताल। उत्तराखंड शासन ने 19 अक्टूबर, सोमवार को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार, 17 अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। शासन के इस निर्णय के बाद प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ बैंक, कोषागार और उपकोषागार भी बंद रहेंगे।
शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए घोषित सार्वजनिक अवकाशों की सूची में संशोधन करते हुए महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत लिया गया है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि महानवमी के दिन बैंक, कोषागार और उपकोषागारों में भी अवकाश रहेगा। इस संबंध में पूर्व में जारी 24 दिसंबर, 2025 की अवकाश अधिसूचना को संशोधित माना जाएगा, जबकि अन्य शर्तें यथावत रहेंगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से जारी अधिसूचना की प्रतिलिपि संबंधित विभागों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को आवश्यक कार्रवाई एवं प्रचार-प्रसार के लिए भेजी गई है।







