निमोनिया से नौनिहालों की सुरक्षा को स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर… SAANS अभियान के तहत घर-घर होगी निगरानी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

5

नैनीताल। पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और समय रहते उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग SAANS अभियान 2026-27 को प्रभावी ढंग से संचालित करेगा। अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने गुरुवार को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान और उपचार में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में सीएमओ ने निर्देश दिए कि आशा और एएनएम कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करें। खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण मिलने पर बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए। गंभीर स्थिति वाले बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बिना देरी उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाए।डॉ. पंत ने सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में निमोनिया के उपचार के लिए जरूरी दवाइयां, ऑक्सीजन, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण के तहत बच्चों को न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (पीसीवी) की तीनों निर्धारित खुराक समय पर लगाई जाएं। इसके साथ ही आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को अभियान के संबंध में प्रशिक्षित किया जाए।सीएमओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया। इसके तहत माताओं को स्तनपान, बेहतर पोषण, साफ-सफाई और निमोनिया के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी जाएगी।

●15 नवंबर से मनेगा न्यूबॉर्न वीक..

सीएमओ ने बताया कि 15 नवंबर से जिले में न्यूबॉर्न वीक की शुरुआत होगी। इस दौरान नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराने, छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने तथा नवजात में खतरे के संकेतों की पहचान के प्रति अभिभावकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एक वर्ष तक के बच्चों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के बीमार होने पर निजी उपचार के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य इकाई में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
बैठक में सभी चिकित्सा प्रभारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और बच्चों की स्क्रीनिंग, उपचार व रेफरल से संबंधित आंकड़ों की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएमओ ने कहा कि ‘Pneumonia Nahi, Toh Bachpan Sahi’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए। बच्चों को निमोनिया से बचाना और इससे होने वाली मृत्यु दर कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।