लोकगीतों की धुन पर झूमे दर्शक, आयुक्त दीपक रावत ने भी दी शानदार प्रस्तुति… लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में लोक कलाकारों ने बिखेरे सुरों के रंग… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल

7

नैनीताल। बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, संगीत और हास्य प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजक मंडल ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में उस समय खास उत्साह देखने को मिला, जब आयुक्त दीपक रावत ने मंच से कुमाऊंनी लोकगीत की प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकप्रिय गीत ‘लाल चुन्नी कुर्ती तेरी काली…’ सुनाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी इस प्रस्तुति पर पंडाल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा का स्मरण करते हुए लोकसंगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को भी याद किया।
सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने अपनी गायकी से समां बांधा। वहीं, हास्य कलाकार जीवन दानू ने चुटीली प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। देर शाम तक दर्शक लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।
संजय नगर नंबर एक स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहन देना है। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों और उनके योगदान को भी जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।