★. गंगोलीहाट के विकास कार्यों पर विधायक फ़कीर राम टम्टा की अपर सचिव नवनीत पाण्डेय से अहम बैठक
★. मिनी स्टेडियम से लेकर सीएचसी उन्नयन तक, गंगोलीहाट विधानसभा के विकास कार्यों पर हुई सकारात्मक चर्चा
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
गंगोलीहाट/देहरादून।
गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक फ़कीर राम टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपर सचिव नवनीत पाण्डेय से भेंट कर क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित महत्वपूर्ण विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर सकारात्मक संवाद हुआ। बैठक में राजकीय महाविद्यालय बेरीनाग में मिनी स्टेडियम के निर्माण, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट में चारदीवारी निर्माण, गंगोलीहाट एवं बेरीनाग क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के डामरीकरण कार्य सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट के उच्चीकरण जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के लिए अवस्थापना मद से वित्तीय स्वीकृति प्रस्तावित किए जाने पर भी चर्चा हुई।
विधायक फ़कीर राम टम्टा ने कहा कि गंगोलीहाट विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा भी सभी प्रस्तावित कार्यों के शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया गया।