नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बनभूलपुरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गौला बाईपास रोड क्षेत्र से 121 ग्राम स्मैक (लगभग 36 लाख रुपये कीमत) के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद उमेर (24 वर्ष), निवासी बहेड़ी जिला बरेली (वर्तमान पता टांडा, शेखपुरा) के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम को एसएसपी द्वारा 2000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
नवंबर से अब तक बड़ी कार्रवाई
एसएसपी के नेतृत्व में नवंबर माह से अब तक 55 नशा तस्करों के खिलाफ 44 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 7.96 किलो चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलो गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
अन्य कार्रवाई
रामनगर: 9.84 किलो अवैध गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार।
लालकुआं: 7.68 ग्राम स्मैक के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार।
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।







