★. गौलापार में लाइसेंसी पिस्टल से कारोबारी ने खुद को मारी गोली, मौत
★. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की ये वजह आई सामने पुलिस तफ्तीश में जुट
(चन्दन सिंह बिष्ट) स्टार खबर
हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के गौलापार के गजीपुर गांव में एक खनन कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, देर रात घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि कमलेश ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहां कमलेश खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद इतना गंभीर कैसे हो गया कि कारोबारी ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।







