नैनीताल। श्री राम सेवक सभा, मल्लीताल नैनीताल द्वारा आयोजित 30वें फागोत्सव के अंतर्गत स्वर्गीय लेफ्टिनेंट अंशुमान नयाल की स्मृति में बाल कलाकारों ने राधा-कृष्ण पर आधारित विहंगम नृत्य नाटिका का मनोहारी मंचन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही, जिसमें लगभग 60 किलो पुष्पों की वर्षा कर पूरा वातावरण भक्तिरस और रंगों से सराबोर कर दिया गया।
शाम के समय सभा प्रांगण में पारंपरिक बैठकी होली का आयोजन भी किया गया। बाल कलाकारों ने समूह गान के माध्यम से गणेश वंदना, रंग की होली, ओ रे पिया आज रंग है नया, राधे-राधे, ऊ मुरली जोर से बजा रे नंदलाल तथा राधा-कृष्ण की फूलों की होली प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अतिरिक्त ब्रज की होली की रसधार में होली रे रसिया, अबीर उड़ता गुलाल उड़ता, होली खेले रघुवीरा अवध में, उड़ी गोचे अबीर गुलाल, ध्यान धरो रे मन में शिव शंकर का ध्यान, तेरी आंखों में डाली गुलाल, कृष्ण के हाथ कनक पिचकारी एवं राम के हाथ कनक पिचकारी जैसी प्रस्तुतियों ने पूरे नैनीताल को “राधे-राधे” के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का निर्देशन आराधना कोहली एवं दिया द्वारा किया गया। सफल संचालन डॉ. ललित तिवारी और मुकेश जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के पश्चात एमडी, कुमाऊं मंडल विकास निगम नैनीताल श्री विनीत तोमर, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व डीएसए महासचिव सुदर्शन साह, आर्ट ऑफ लिविंग हैप्पीनेस वूमेन कलेक्टिव नैनीताल की रेशमा टंडन, पूजा शाही, बीना, शिवानी एवं किरण सहित अन्य अतिथियों ने बाल कलाकारों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर सभा अध्यक्ष मनोज लाल साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक शाह, पूर्व महासचिव राजेंद्र लाल साह सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. जंतवाल, विनीत तोमर, आर्ट ऑफ लिविंग की टीम, सुदर्शन साह एवं इदरीस मलिक को राधा-कृष्ण का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
फागोत्सव के इस रंगारंग आयोजन ने नैनीताल में होली उत्सव की उमंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।







