केमिकल रंगों से बरतें सावधानी, हर्बल रंगों से मनाएं सुरक्षित होली… बी.डी. पांडे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएस दुग्ताल की अपील.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

12
oplus_0

नैनीताल। होली का त्योहार पूरे देश में बच्चों से लेकर युवा और बुजुर्गों तक सभी वर्गों द्वारा उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। रंगों के इस पर्व में जहां खुशियों की बौछार होती है, वहीं केमिकल युक्त रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी साबित हो सकते हैं। इसे लेकर चिकित्सकों ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि बाजार में मिलने वाले कई होली के रंगों में हानिकारक केमिकल्स मिलाए जाते हैं, जो त्वचा और आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन रंगों के संपर्क में आने से त्वचा में जलन, खुजली, एलर्जी, दाने और लालिमा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि रंगों के आंखों में चले जाने से जलन, सूजन और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। वहीं केमिकल युक्त रंग बालों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। दमा के मरीजों के लिए ऐसे रंग और अधिक परेशानी का कारण बन सकते हैं, जिससे सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
डॉ. दुग्ताल ने सलाह दी कि होली खेलते समय हर्बल और प्राकृतिक रंगों का ही प्रयोग करें। यदि किसी प्रकार की त्वचा या आंखों से जुड़ी समस्या उत्पन्न हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। सुरक्षित और सतर्क रहकर ही रंगों के इस पर्व का आनंद लें।