नैनीताल। आगामी होली एवं रमजान पर्व के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने जनपदवासियों से पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों तथा शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने आमजन से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।







