श्री रामसेवक सभा से निकला भव्य होली जुलूस… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

30

श्री रामसेवक सभा से निकला भव्य होली जुलूस…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

नैनीताल। सरोवर नगरी में श्री रामसेवक सभा में आयोजित 30 वें फाग उत्सव का हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। समापन से पूर्व सभा की ओर से नगर में पारंपरिक होली जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

रामसेवक सभा प्रांगण रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया। अबीर-गुलाल की बौछारों के बीच होलियारों ने जमकर नृत्य-गायन किया। लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते दिखे। आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने स्वांग की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

● होली गीतों ने बांधा समां
जुलूस के दौरान कुमाऊंनी होली गायकी की मधुर धुनों ने वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। “जो नर जीवै खेले फाग…” जैसे पारंपरिक गीतों के माध्यम से नैनीताल सहित समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की गई। प्रतिभागियों ने कहा कि वे सादगी, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली का पर्व मना रहे हैं।
● हर्बल रंगों से सजी होली

सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि इस वर्ष जुलूस को भव्य स्वरूप देने के लिए लगभग 2 कुंतल हर्बल रंगों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी रंगों में सराबोर नजर आए, जिससे सरोवर नगरी का बाजार पूरी तरह उत्सवी रंग में रंग गया।

उन्होंने जानकारी दी कि आज शाम 6 बजे से 9 बजे के बीच रामसेवक सभा प्रांगण में होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा।

●इन मार्गों से गुजरा जुलूस

होली जुलूस मल्लीताल बाजार, आर्य समाज, कमेटी लाइन और जयलाल साह बाजार से होते हुए पुनः रामसेवक सभा प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्गभर लोगों ने फूलों और रंगों से जुलूस का स्वागत किया।

● पर्वतीय क्षेत्रों में 4 मार्च को होली

उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में होली का पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विशेष रूप से बैठकी और खड़ी होली का आयोजन किया जाता है, जिसमें स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सहभागिता करते हैं।
रंग, संस्कृति और सौहार्द का यह उत्सव नैनीताल में भाईचारे और परंपरा का संदेश देता नजर आया।