नगर पालिका नैनीताल में सफाई कर्मचारियों ने उठाई वेतन बढ़ोतरी की मांग… संशोधित दरों के अनुसार 805 रुपये प्रतिदिन वेतन लागू करने हेतु अध्यक्ष और ईओ को सौंपा ज्ञापन… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

11

नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल में कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों एवं अस्थाई पर्यावरण मित्रों के लिए संशोधित वेतनमान लागू करने की मांग तेज हो गई है। वाल्मीकि सभा नैनीताल के महासचिव दिनेश कटियार ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सफाई कर्मचारियों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित नई दरों के अनुसार 805 रुपये प्रतिदिन वेतन दिए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा जारी अधिसूचना (S.O. 190 (E)) के तहत सफाई श्रमिकों के मूल्य सूचकांक के आधार पर नगर पालिकाओं और नगर निगमों में कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों के वेतन में संशोधन किया गया है। यह संशोधित वेतनमान 6 फरवरी 2026 से प्रभावी माना गया है।
वाल्मीकि सभा ने यह भी उल्लेख किया कि देहरादून नगर निगम मुख्यालय में 29 अप्रैल 2026 को बोर्ड प्रस्ताव पारित कर अस्थाई कर्मचारियों के लिए 805 रुपये प्रतिदिन वेतनमान लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में नैनीताल के सफाई कर्मचारियों ने भी नगर पालिका परिषद से मांग की है कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर स्थानीय अस्थाई सफाई कर्मियों को भी समान वेतनमान का लाभ दिया जाए।
महासचिव दिनेश कटियार ने कहा कि सफाई कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें न्यायोचित वेतन मिलना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पालिका परिषद कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
वाल्मीकि समाज नैनीताल ने इस मांग को कर्मचारियों के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया है।