नैनीताल खाई में गिरी थार, रेस्क्यू ऑपरेशन में एक युवक की मौत…
रिपोर्ट: (सुनील भारती,) “स्टार खबर” नैनीताल.
नैनीताल, सोमवार।
नैनीताल के पाइन्स क्षेत्र के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में थार वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से थाना तल्लीताल को मिली, जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वाहन में सवार तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इनमें से दो युवक गंभीर रूप से घायल थे, जबकि एक को सामान्य चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए बी.डी. पाण्डे जिला चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल कुमार (21 वर्ष) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक हल्द्वानी का निवासी बताया गया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को चलते समय नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ। घायलों में अरविन्द सिंह (24 वर्ष), निवासी दांतिवाड़ा डामियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) तथा युवराज सिंह (20 वर्ष), निवासी जालामण्ड, थाना कुड़ी, जिला जोधपुर (राजस्थान) शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नैनीताल, थानाध्यक्ष तल्लीताल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ और फायर सर्विस के साथ मिलकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया गया। समय पर राहत कार्य के चलते दो घायलों की जान बचाई जा सकी, लेकिन एक युवक की मौत से हादसा बेहद दर्दनाक हो गया।रेस्क्यू अभियान में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार एवं कांस्टेबल अनूप सिंह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



