जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया, 3.89 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य….. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल…

6

नैनीताल।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच. सी. पंत के निर्देश पर जनपद नैनीताल में गुरुवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। जनपद में कुल 3,89,860 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।नैनीताल स्थित लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को वर्ष में दो बार एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलानी चाहिए, ताकि बच्चे कृमि संक्रमण से मुक्त रहकर स्वस्थ जीवन जी सकें तथा उनकी पढ़ाई और स्कूल में उपस्थिति बेहतर हो सके।इस अवसर पर डॉ. अनिरुद्ध गंगोला ने कहा कि एल्बेंडाजोल पूरी तरह सुरक्षित दवा है और इसके कोई दुष्प्रभाव नहीं हैं। उन्होंने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है, इसलिए बच्चों को समय पर दवा देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली तथा तीन से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली दी जानी चाहिए। साथ ही बच्चों को आयरन की कमी और एनीमिया से बचाने के लिए आईएफए टेबलेट नियमित रूप से लेने की भी सलाह दी गई।जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद के सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाई जा रही हैं। जो बच्चे आज दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 मई 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को प्रत्येक सप्ताह आईएफए टेबलेट भी वितरित की जा रही हैं।कार्यक्रम का संचालन हरेंद्र कठायत ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य भुवन चंद्र त्रिपाठी, मदन मेहरा, सरयुनंदन जोशी, दीवान बिष्ट, हेम जलाल, पवन कुमार, दिनेश बोरा, पूनम जंतवाल, बीना मेहरा, रवि उप्रेती एवं आनंद खंडूरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।