रामगढ़ से बूथ तक संगठन को धार देने निकला भाजपा का महाअभियान.. कैसा ड्रीम थे रिसॉर्ट में शुरू हुआ भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर, वैचारिक मजबूती से लेकर बूथ सशक्तिकरण तक मंथन.. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल…

15

नैनीताल।
भारतीय जनता पार्टी जिला नैनीताल द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” का शुभारम्भ सोमवार को रामगढ़ स्थित कैसा ड्रीम थे रिसॉर्ट में हुआ। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण शिविर का समापन मंगलवार 12 मई को होगा।
पहले दिन आयोजित छह अलग-अलग सत्रों में संगठनात्मक विषयों, भाजपा की विचारधारा, कार्यपद्धति, राष्ट्रवाद, सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों तथा कार्य विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के शुभारम्भ से पूर्व भाजपा की विकास यात्रा, संगठनात्मक इतिहास एवं सरकारों की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संघर्ष और योजनाओं की जानकारी दी गई।
दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम से हुआ आगाज
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, जिला प्रभारी खिलेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट तथा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम गीत के साथ किया गया।
स्वागत उद्बोधन में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक मजबूत बनाकर संगठन को नई दिशा देगा। वहीं जिला प्रभारी खिलेंद्र चौधरी ने इसे राष्ट्रवाद और सेवा भावना से जोड़ने वाला अभियान बताया।
सैद्धांतिक अधिष्ठान से लेकर कार्य विस्तार तक चला मंथन
प्रथम सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने भाजपा के सैद्धांतिक अधिष्ठान, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंचनिष्ठाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने भाजपा के ऐतिहासिक विकास और संगठनात्मक यात्रा पर चर्चा की।
तीसरे सत्र में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं के विकास एवं अपेक्षाओं विषय पर विस्तार से जानकारी दी।
चौथे सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेक सक्सेना ने भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति को विस्तार से समझाया।
पांचवें सत्र में ओजस्वी वक्ता रणदीप पोखरिया ने वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश भर दिया।
समापन सत्र में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कार्य विस्तार, वैचारिक सुदृढ़ीकरण और व्यक्तित्व विकास पर जोर देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कई जिम्मेदारियों के साथ सक्रिय रही टीम
शिविर के सफल संचालन में जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल वर्ग नियंत्रक के रूप में सक्रिय रहे, जबकि पंजीकरण व्यवस्था जिला कार्यालय मंत्री हेमंत बिष्ट, कुंदन चिलवाल और अरविंद पडियार ने संभाली। मीडिया और डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार में विनोद तिवारी, संजय दौर्बी, रत्नेश साह और अमित चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनप्रतिनिधियों से लेकर बूथ स्तर तक रही मौजूदगी
प्रशिक्षण शिविर में दर्जा राज्यमंत्री, नगर निगम अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पूर्व जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।