नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में एक होटल की टंकियों से लगातार बह रहे पानी ने आसपास रहने वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। घरों में सीलन, रास्तों में गंदगी और लगातार हो रहे जल बहाव से परेशान स्थानीय लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तत्काल सख्त रुख अपनाया। डीएम के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
शिकायतकर्ता टण्डन एवं डण्डरियाल परिवार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया था कि मल्लीताल स्थित ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकियों से लगातार पानी ओवरफ्लो हो रहा है। इससे उनके घरों में पानी रिसने और सीलन की समस्या बढ़ती जा रही थी। साथ ही ब्रॉडवे होटल द्वारा रास्ते में गंदगी फैलाए जाने की शिकायत भी की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए। शुक्रवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर स्थापित पानी की टंकी से लगातार अनावश्यक जल बहाव हो रहा था। इस पर जल संस्थान ने मौके पर ही होटल का जल संयोजन विच्छेदित कर दिया तथा पानी के दुरुपयोग पर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना वसूला।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल की बर्बादी और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







