सरोवर नगरी में राज्यपाल का आगमन… छह जिलों के दौरे संग सीमांत गांवों पर रहेगा फोकस… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

4
Oplus_16908288

नैनीताल। उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) शनिवार को सरोवर नगरी नैनीताल पहुंचे, जहां लोकभवन में उनके आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।राज्यपाल के लोकभवन पहुंचने पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत जिलाधिकारी ललित मोहन रॉयल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी सी ने पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
लोकभवन में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल का प्रवास उन्हें हमेशा विशेष अनुभूति देता है। उन्होंने बताया कि इस बार वह कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों का भ्रमण करेंगे और विभिन्न जनपदों में रात्रि प्रवास कर विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं तथा स्थानीय व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि सीमांत क्षेत्रों एवं वाइब्रेंट विलेज योजनाओं के अंतर्गत चयनित गांवों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझा जा सके।
उन्होंने बताया कि नैनीताल लोकभवन परिसर में “गवर्नर गोल्फ प्रतियोगिता” का आयोजन भी प्रस्तावित है। राज्यपाल ने खुशी जताई कि इस प्रतियोगिता में अब बेटियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है।
इसके अतिरिक्त लोकभवन में “एक शाम सैनिकों के नाम” कार्यक्रम के आयोजन की भी तैयारी की जा रही है, जिसके माध्यम से देश की सेवा में समर्पित सैनिकों को सम्मान दिया जाएगा।
राज्यपाल के आगमन को लेकर लोकभवन एवं आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।