संविदा शिक्षकों के मानदेय और नियमितीकरण की मांग को लेकर कूटा ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

34

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कूटा ने मांग की कि उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत संविदा शिक्षकों को यूजीसी के नियमानुसार 57,700 रुपये मानदेय प्रदान किया जाए। इसके साथ ही दस वर्ष की संविदा सेवा पूर्ण कर चुके प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग भी उठाई गई।कूटा पदाधिकारियों ने कहा कि नियमितीकरण के लिए कट ऑफ डेट वर्ष 2026 निर्धारित की जाए। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी उस पत्र में संशोधन किए जाने की मांग की गई, जिसमें वर्ष 2015-16 में नियुक्त संविदा प्राध्यापकों के पदों को विज्ञापन प्रक्रिया से अलग रखने की बात कही गई है। संघ ने सभी विभागों में एकरूपता लागू करने पर भी जोर दिया।इसके अतिरिक्त, कूटा ने दस वर्ष तक प्रोफेसर पद पर सेवा दे चुके सभी प्राध्यापकों को लेवल-15 का लाभ दिए जाने का अनुरोध भी शिक्षा मंत्री से किया।शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में प्रो. ललित तिवारी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अशोक कुमार एवं डॉ. मोहित रौतेला शामिल रहे।