नैनीताल, मंगलवार। नैनीताल जिले के नौकुचियाताल क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झील में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान गाजियाबाद निवासी आर.के. गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी थे और वर्तमान में नौकुचियाताल क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने झील में शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के हाथों पर ब्लेड जैसे धारदार वस्तु के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
पुलिस फिलहाल घटना को आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों और क्षेत्र प्रधान के अनुसार, आर.के. गुप्ता मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




