नैनीताल। हिंदी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में मोहन लाल शाह बाल विद्या मंदिर, नैनीताल की छात्राओं द्वारा स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने विद्यालय के विद्यार्थियों को मतदान के महत्व एवं लोकतंत्र में उसकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी से जागरूक नागरिक बनने तथा सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य अनुपमा साह ने छात्राओं को राष्ट्र का भावी कर्णधार बताते हुए कहा कि एक जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बना सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में हेड गर्ल लतिका बिष्ट सहित प्रज्ञा, श्रेया, कात्यायनी, हर्षिता, माही, चेतन्या एवं साक्षी ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय परिवार ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।





