दो साल से टेंट में जिंदगी, अब एक सप्ताह में विस्थापन नहीं तो जिला मुख्यालय में धरना.. आपदा प्रभावित परिवार से मिले विक्रम दानू, बोले—टेंट बदलना राहत, स्थायी समाधान नहीं; उचित मुआवजा देने की मांग… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल…

12

मुनस्यारी। जिला पंचायत क्षेत्र के ग्रामसभा बोना में पिछले करीब दो वर्षों से टेंट में रहने को मजबूर आपदा प्रभावित परिवार की सुध लेने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मदकोट-मुनस्यारी एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार के सदस्य  मागा राम का हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं।आपदा के बाद लंबे समय से कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहे परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत के तौर पर अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ योगेंद्र सिंह के सहयोग से पुराने टेंट को हटाकर नया टेंट लगाया गया। इससे परिवार को फिलहाल रहने और बैठने में कुछ राहत मिली है।विक्रम दानू ने कहा कि टेंट बदलना महज तत्काल राहत है, इसका स्थायी समाधान से कोई संबंध नहीं है।

यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक आपदा प्रभावित परिवार करीब दो वर्षों से टेंट में रहने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने के लिए तत्काल विस्थापन के साथ उचित मुआवजा दिया जाना जरूरी है।उन्होंने बताया कि परिवार की समस्या को जन-जन की सरकार/जनता दरबार में जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के साथ ही पत्राचार के माध्यम से मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार उठाया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक परिवार को आश्वासनों के अलावा स्थायी समाधान नहीं मिल सका है।

दानू ने बताया कि मांग को लेकर वह पूर्व में धरना भी दे चुके हैं।विक्रम दानू ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ और उप जिलाधिकारी मुनस्यारी से मांग की कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एक सप्ताह के भीतर परिवार का सुरक्षित विस्थापन और उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को ऐसा सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए, जहां वह सम्मान और सुख-शांति के साथ जीवनयापन कर सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो श्री मागा राम के परिवार को साथ लेकर जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक डिगर सिंह, किशोर सिंह, हरीश सिंह, मन्नू चुलकोटिया, पहलाद बृजवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।