नैनीताल। मुनस्यारी झापुली-बोना क्षेत्र में लगातार बारिश से पैदा हुई आपदा की स्थिति को लेकर प्रकाशित खबर और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मदकोट-मुनस्यारी एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू की ओर से सौंपे गए ज्ञापन का प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देश पर सोमवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने आपदा प्रभावित झापुली-बोना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
उप जिलाधिकारी मुनस्यारी, तहसीलदार, राजस्व विभाग, भू-वैज्ञानिक टीम और लोक निर्माण विभाग डीडीहाट के अधिकारियों ने झापुली-बोना मोटर मार्ग समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान झापुली में खतरे की जद में आए परिवारों की स्थिति का भी आकलन किया गया।
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों के शीघ्र विस्थापन की कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
वहीं, पिछले कई दिनों से बंद झापुली-बोना मोटर मार्ग को जल्द खोलने के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सड़क बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को खाद्यान्न, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विक्रम दानु ने बताया प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान, सड़क संपर्क और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
उन्होंने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़, उप जिलाधिकारी मुनस्यारी, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग डीडीहाट, राजस्व विभाग और भू-वैज्ञानिक टीम का क्षेत्र की जनता की ओर से आभार जताया।







