हल्द्वानी। आरटीओ कार्यालय में मंगलवार शाम अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली कार्यालय में रखी अलमारी में जा लगी। गनीमत रही कि घटना में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ। सूचना पर मुखानी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कार्यालय में काम न करने और ऑफिस बंद करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक फायरिंग आरटीओ कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस फायरिंग में प्रयुक्त हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच कर रही है। आरटीओ प्रशासन गुरदेव सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में संबंधित कार्मिक को लेकर पत्र जारी किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



