डीके शर्मा तीसरी बार बीसीआई सदस्य निर्वाचित.. राजवीर बिष्ट बने उत्तराखंड बार काउंसिल के अध्यक्ष, सुशीला मेहता निर्विरोध उपाध्यक्ष… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

11

नैनीताल। उत्तराखंड हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा ने एक बार फिर बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व हासिल किया है। बुधवार को हुए चुनाव में शर्मा तीसरी बार बीसीआई सदस्य निर्वाचित हुए। उन्हें 26 में से 14 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर जोशी को 12 मत प्राप्त हुए। शर्मा वर्तमान में बीसीआई के को-चेयरमैन भी हैं।

वहीं, नवगठित बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की कार्यकारिणी के चुनाव में देहरादून के अधिवक्ता राजवीर बिष्ट अध्यक्ष चुने गए। अध्यक्ष पद पर राजवीर को 11 प्रथम वरीयता मत मिले। कुलदीप कुमार को आठ और योगेंद्र सिंह तोमर को पांच मत प्राप्त हुए, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। सुशीला मेहता उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
कुछ माह पूर्व हुए बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चुनाव में 23 सदस्य चुने गए थे। इसके बाद दो महिला अधिवक्ताओं को को-ऑप्ट सदस्य बनाए जाने के बाद कार्यकारिणी और बीसीआई सदस्य के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव के दौरान विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए आठ समितियों का गठन भी किया गया।
तीसरी बार मिला बीसीआई में प्रतिनिधित्व
डीके शर्मा इससे पहले वर्ष 2004 से 2009 और 2018 से 2025 तक बीसीआई में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2013 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था। कानूनी क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ वह उत्तराखंड सरकार के शासकीय अधिवक्ता और सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
शर्मा उत्तराखंड हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और ऊधमसिंह नगर जिला बार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बीसीआई सदस्य का कार्यकाल पांच वर्ष, जबकि प्रदेश बार काउंसिल की कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष निर्धारित है।