कैंचीधाम में पर्यटन विभाग का शिकंजा… 26 होटल-होम स्टे जांच के घेरे में… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल..

44

 

नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में होटल और होम स्टे के संचालन में नियमों की अनदेखी करने वालों पर जिला पर्यटन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। आयुक्त कुमाऊं मंडल और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने मंगलवार को क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 26 होटल और होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में पंजीकृत कमरों से अधिक कमरों का संचालन, रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने समेत पर्यटन नियमावली के मानकों की अनदेखी सामने आई।
विभागीय जांच में अनियमितताएं मिलने पर 22 पंजीकृत इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं बिना पंजीकरण संचालित दो इकाइयों को तत्काल प्रभाव से संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार कई इकाइयों में निर्धारित रेट लिस्ट सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थी। कुछ स्थानों पर पंजीकरण में दर्ज कमरों की संख्या से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था। विभाग ने इसे पर्यटन नियमावली के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।

●इन पर लगाया गया अर्थदंड..

जिन इकाइयों पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, उनमें चिराग होम स्टे, त्रिशूल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे पत्नी त्रिलोक चंद्र पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट होम स्टे, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिसोर्ट एवं कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रोहित होम स्टे, दीप्ति होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे और हर्षित तिवारी होम स्टे शामिल हैं।

●इनके संचालन पर रोक के निर्देश..

बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विपरीत संचालन पाए जाने पर उमेश दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, मारुति होम स्टे, बाबा बैंसन रिसोर्ट, होटल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन रेजेंसी के संबंध में संचालन बंद करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

●चार को कारण बताओ नोटिस..

सघन जांच के दौरान हेमंत कुमार मेहता, कासा माउंटेन, गिरि राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में होटल और होम स्टे इकाइयों का नियमित भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। पर्यटन मानकों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।