टीबी उन्मूलन को युवाओं की ताकत, ज्योलिकोट में ‘जोश टीम’ शुरू.. कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया शुभारंभ.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

25

 

नैनीताल। टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से गति देने के लिए गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ‘जोश टीम’ का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए युवाओं और जनप्रतिनिधियों से टीबी के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आमजन को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करने की अपील की।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि जेओएसएच (JOSH) कार्यक्रम के तहत युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ा जा रहा है। एनसीसी कैडेट्स और माय भारत वालंटियर्स विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाएंगे। साथ ही टीबी के संभावित मरीजों को जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।उन्होंने बताया कि जिले की 479 ग्राम पंचायतों में से 2023 में 124, 2024 में 185 और 2025 में 203 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। वहीं, जिले में 1100 निक्षय मित्र टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायत के लिए सरियाताल के उप ग्राम प्रधान और ग्राम प्रधान भल्युटी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार पूरा करें।