सीएचसी गरमपानी में जल्द तैनात होगा आयुष्मान मित्र…. कैंची धाम क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल…

21

 

नैनीताल।गरमपानी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि पंत ने बुधवार को सीएचसी गरमपानी और पीएचसी धनियाकोट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जांच सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धनियाकोट में जल्द प्रसव केंद्र शुरू करने तथा सीएचसी गरमपानी में आयुष्मान मित्र की नियुक्ति करने की जानकारी दी। वहीं, कैंची धाम क्षेत्र में सप्ताहांत के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।सीएचसी गरमपानी में निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, प्रयोगशाला, इमरजेंसी, औषधि कक्ष, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। निरीक्षण में व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की सराहना की। अस्पताल में प्रतिमाह दो हजार से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जबकि बीते एक माह में 103 अल्ट्रासाउंड किए गए।
सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध जांच सुविधाओं का नियमित और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने वाली जांचों को नियमानुसार आउटसोर्स सेवा के माध्यम से मरीजों को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बताया कि सीएचसी में जल्द आयुष्मान मित्र की तैनाती की जाएगी, जिससे पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी।

● धनियाकोट में स्थानीय स्तर पर मिलेंगी प्रसव सुविधाएं..

पीएचसी धनियाकोट के निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सकीय कर्मचारी उपस्थित मिले। सीएमओ ने यहां जल्द प्रसव केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूरस्थ अस्पतालों की ओर जाने की जरूरत कम होगी और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

●कैंची धाम में आपात स्थिति से निपटने की तैयारी..

कैंची धाम क्षेत्र में प्रत्येक शनिवार और रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. पंत ने आवश्यक दवाओं और पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जाम की स्थिति को देखते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेटिंग होम की व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा जरूरत के अनुसार चार बेड आरक्षित रखने को कहा।सीएमओ ने सीएचसी गरमपानी, भीमताल, भवाली और सुयालबाड़ी के प्रभारियों को सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य आपात स्थितियों में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने 108 एंबुलेंस और खुशियों की सवारी सेवा का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी न हो।