कैंची धाम में वीकेंड पर यातायात प्लान लागू, भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक.. पर्यटकों के वाहन, शटल सेवा से पहुंचेंगे श्रद्धालु.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल..

12

 

नैनीताल। वीकेंड पर 17 और 18 अक्टूबर को कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र के लिए यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का आवागमन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित मार्गों से आवाजाही की व्यवस्था लागू रहेगी।

●भीमताल और भवाली में होगी पार्किंग…

पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार, बाहरी जनपदों और राज्यों से निजी वाहनों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहन भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर भेजा जाएगा।

वहीं, गेठिया और नैनीताल के रास्ते कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के निजी वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे। यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिये मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। वीकेंड के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

●पहाड़ जाने और मैदान की ओर आने वाले वाहनों के लिए बदले मार्ग..

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।इसी तरह हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते भेजे जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना की ओर जाने वाले वाहन सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का उपयोग करेंगे।

●सीमाओं पर रोके जाएंगे भारी वाहन..

यातायात प्लान के तहत सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा।पुलिस ने पर्यटकों, आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात और डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।