धनतेरस-दीपावली पर दुग्ध उत्पादकों को मुकेश बोरा की सौगात, तीन समितियों में बंटा 29.39 लाख का बोनस

64

लालकुआं/हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बेड़ा पोखरा, कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों समितियों में कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये की दुग्ध खरीद पर 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। धनतेरस और दीपावली से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने खुशी जताते हुए संघ अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

बेड़ा पोखरा समिति में 13.94 लाख, कमोला समिति में 10 लाख और दोहनिया समिति में 5.44 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। इस दौरान कमोला समिति की वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित हुई। अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले उत्पादकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ की प्रमुख जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा सहित कई दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।