दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह दुकानों का निरीक्षण.. सफाई में कमी पर दो प्रतिष्ठानों को नोटिस… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल…

19
Oplus_16908290

 

नैनीताल। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को नैनीताल शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आधा दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, जबकि दुकानों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ए.एस. रावत ने बताया कि जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और बिक्री से जुड़ी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के बाद भी यह अभियान जारी रहेगा और सालभर खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जाती है।

 

●खुले दूध और पनीर की भी हो रही जांच..

ए.एस. रावत ने बताया कि खुले दूध, खुले पनीर के साथ ही ब्रांडेड दूध और पनीर के नमूने भी समय-समय पर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जनपद से अब तक विभिन्न श्रेणियों के करीब 78 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।

बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री या आपूर्ति की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

●फूड सेफ्टी ऑन व्हील से भी जांच..

असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर फूड सेफ्टी ऑन व्हील के माध्यम से भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इसके तहत हल्द्वानी क्षेत्र में चार दिनों तक अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से करीब 250 नमूने एकत्र किए गए।

oplus_2

विभाग के अनुसार, मौके पर की गई जांच में नमूने सुरक्षित पाए गए। उन्होंने उपभोक्ताओं से त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

●मिठाई खरीदते समय बरतें सावधानी..

ए.एस. रावत ने उपभोक्ताओं से अपील की कि खुली मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, रंग, गंध और स्वच्छता पर ध्यान दें। अधिकृत विक्रेताओं से ही मिठाई खरीदें तथा पैक खाद्य पदार्थ लेते समय निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग को टोल फ्री नंबर या अन्य उपलब्ध माध्यमों से शिकायत दें। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।