धनतेरस की सुबह जिला अस्पताल के पास मिला सात माह का भ्रूण, मचा हड़कंप… पुलिस ने शुरू की जांच… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

45

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में धनतेरस की सुबह मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। मल्लीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल के समीप स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय के गेट के पास सड़क किनारे खड़ी टैक्सियों के बीच एक नवजात भ्रूण मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भ्रूण मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारी को जिला अस्पताल के समीप सड़क किनारे खड़ी टैक्सियों के बीच भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। उसने तत्काल इसकी सूचना जिला अस्पताल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में भ्रूण करीब सात माह का प्रतीत हो रहा है। देखने से मामला ताजा लग रहा है और आशंका है कि कुछ समय पहले ही इसे यहां छोड़ा गया है। चिकित्सकों ने जांच के बाद भ्रूण को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कानूनी और वैधानिक कार्रवाई के लिए उसे अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।इधर, घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। भ्रूण यहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना ने त्योहार के उल्लास के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।