नैनीताल।ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सेंट्रल हिमालयन एनवायरनमेंट एसोसिएशन (चिया) ने महत्वपूर्ण पहल की है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के सहयोग से चिया मुख्यालय नैनीताल में आयोजित चार दिवसीय ‘डिजिटल सखी प्रशिक्षण एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला’ का प्रथम चरण गुरुवार को संपन्न हो गया। 16 से 19 नवंबर तक चले प्रशिक्षण में अल्मोड़ा जिले की चार ग्राम पंचायतों की महिलाओं को डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन, सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में अल्मोड़ा जिले की ग्राम पंचायत बजीना, ख्यूशालकोट, बमस्यूं और ईड़ा की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्मार्टफोन और इंटरनेट के उपयोग में दक्ष बनाने के साथ सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान करना तथा स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसरों से जोड़ना रहा। कार्यशाला का शुभारंभ 16 नवंबर को यूएनडीपी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप मेहता और काव्या मोहन की उपस्थिति में हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान चिया और यूएनडीपी के विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्मार्टफोन के बुनियादी उपयोग, मोबाइल सेटिंग्स, तकनीकी समस्याओं के समाधान और व्हाट्सएप के विभिन्न फीचर्स की जानकारी दी। इसके साथ ही जीमेल अकाउंट बनाने, ई-मेल भेजने तथा डिजिलॉकर पर खाता खोलकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने का अभ्यास कराया गया।
यूएनडीपी के सुमित सोनी और सत्य प्रिया ने महिलाओं को ‘अपणी सरकार’ पोर्टल और उमंग एप के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। मौसम और आपदा संबंधी पूर्व चेतावनी के लिए मेघदूत और दामिनी एप की उपयोगिता बताई गई। वहीं सीएससी की ऑनलाइन बुकिंग, मनरेगा एवं वीबी-राम जी, एसएमएएम योजना और ड्रोन दीदी पहल की भी जानकारी दी गई।
●साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके..
प्रशिक्षण में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। साइबर सेल के निरीक्षक बीएल कुशवाह ने महिलाओं को ऑनलाइन ठगी से बचने, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन करने, व्यक्तिगत जानकारियों को गोपनीय रखने और साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन का उपयोग करने के तरीके बताए। वहीं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) मंगोली के संचालक आनंद मेहरा ने केंद्र के संचालन और उसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
चिया के प्रभारी अधिशासी निदेशक कुंदन बिष्ट ने कहा कि डिजिटल सखी प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षित महिलाएं अपने गांवों में अन्य महिलाओं और ग्रामीणों को भी डिजिटल सेवाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी।
समापन सत्र की अध्यक्षता चिया के अवैतनिक सचिव प्रो. आशीष तिवारी ने की। उन्होंने डिजिटल साक्षरता के साथ ऑनलाइन सुरक्षा को भी जरूरी बताया। कार्यशाला का संचालन डॉ. प्रदीप मेहता, काव्या मोहन और चिया की परियोजना सहायक मनीषा पंत ने किया। इस दौरान दीपा उपाध्याय, धीरज जोशी, विनीता वर्मा, पंकज बजकेती, राम सिंह और नीमा रौतेला मौजूद रहे।







