सीएमओ ने महिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण.. मातृ एवं नवजात मृत्यु दर घटाने को महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में होगा सुधार… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

7

हल्द्वानी। महिला चिकित्सालय में मातृत्व एवं प्रसव सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने चिकित्सालय का निरीक्षण कर लेबर रूम की व्यवस्थाओं, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता और गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मातृ एवं नवजात मृत्यु दर में कमी लाने के लिए समय पर जांच, जोखिमग्रस्त गर्भवती महिलाओं की निगरानी और सुरक्षित प्रसव व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली (एमपीसीडीएसआर) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी मातृ मृत्यु की सूचना निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराई जाए और संबंधित मामले का एक माह के भीतर विस्तृत ऑडिट किया जाए, ताकि मृत्यु के कारणों का विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।उन्होंने लेबर रूम को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) और लक्ष्य (LaQshya) कार्यक्रम के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन, नियमित साफ-सफाई और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही गर्भवती महिला के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर प्रसव और डिस्चार्ज तक की सभी जानकारियां बेड हेड टिकट (बीएचटी) में अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।सीएमओ ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) के मामलों को गंभीरता से लेते हुए ऐसी गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान, नियमित फॉलोअप और जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफरल सुनिश्चित करने को कहा। आशा हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने के साथ गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध जांच एवं उपचार पर भी जोर दिया। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए निर्धारित होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर (एचबीएनसी) के तहत नियमित गृह भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी निर्धारित आंकड़ों की एचएमआईएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत और समयबद्ध रिपोर्टिंग करने को भी कहा। निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान और सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पताल स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के साथ सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाएगा।