नैनीताल/मुक्तेश्वर। उत्तराखंड की पर्वतीय वादियों में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुक्तेश्वर से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज-2026 का आगाज हो गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्ट 658 किलोमीटर लंबे चुनौतीपूर्ण सफर पर निकल पड़े।
प्रतिभागी उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर गुजरेंगे और 26 नवंबर को मसूरी में इस रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता का समापन होगा।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी भूभाग और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। पर्वतीय रास्तों, ऊंचे-नीचे चढ़ाई वाले मार्गों और दुर्गम ट्रैक से गुजरने वाली यह साइकिल यात्रा प्रतिभागियों के शारीरिक सामर्थ्य, धैर्य और तकनीकी दक्षता की परीक्षा लेगी।

शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुक्तेश्वर जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थल से इस प्रतियोगिता की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। इन आयोजनों से प्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
प्रतियोगिता के तहत साइकिलिस्ट सात दिनों में 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। विभिन्न पर्वतीय जनपदों और दुर्गम मार्गों से गुजरती हुई यह यात्रा 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। आयोजन में पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न जनपदों के प्रशासन और संबंधित संस्थाओं की भी भूमिका रहेगी।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र सिंह ढैला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी, आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि और प्रतिभागी मौजूद रहे।







