वकालत छोड़ उत्तराखंड राज्य आंदोलन में कूदे रावत… अब कालाढूंगी से कांग्रेस टिकट की दावेदारी.. राज्य निर्माण की मूल अवधारणा से भटका उत्तराखंड.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

41
Oplus_16908290

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में वर्ष 1994 से उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाने के लिए वकालत तक छोड़ दी और घर-बार की परवाह किए बिना लंबे समय तक संघर्ष किया। अब वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होकर राज्य निर्माण के समय देखे गए सपनों को साकार करने का प्रयास करना चाहते हैं।
पत्रकारों से बातचीत में अधिवक्ता रावत ने कहा कि पृथक पर्वतीय राज्य की मांग का विचार वर्ष 1950 में पीसी जोशी ने उठाया था। इसी अवधारणा से प्रेरित होकर उन्होंने राज्य आंदोलन में भागीदारी की। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों के साथ 24 घंटे तक धरने देने के साथ ही हर महीने दो से तीन रैलियों का आयोजन किया। मुजफ्फरनगर कांड के बाद उन्होंने आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया और अपनी वकालत छोड़कर आंदोलन के लिए समर्पित हो गए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन जिस उम्मीद और परिकल्पना के साथ हुआ था, आज प्रदेश उससे काफी दूर नजर आ रहा है। जनता ने बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता, रोजगार, विकास और खुशहाली की उम्मीद की थी, लेकिन प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाएं बढ़ी हैं। उनके अनुसार राज्य गठन के शुरुआती दौर में औद्योगिक विकास के लिए रुद्रपुर, रानीपुर, सेलाकुई और सितारगंज जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला, लेकिन बाद के वर्षों में विकास की गति अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रही।
उन्होंने मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान और समाज में एकता व समरसता कायम करना होना चाहिए। किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा व्यक्ति अपराध करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। अपराध के मामलों में राजनीतिक संरक्षण या पक्षपात नहीं होना चाहिए।
वकालत छोड़ जनता के बीच आने की इच्छा
अधिवक्ता रावत ने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से कालाढूंगी, पदमपुर और सोडियर चूना खान क्षेत्र के लोगों के बीच सक्रिय हैं। क्षेत्र के लोगों से उनका लगातार संपर्क रहा है। इसी जुड़ाव के चलते उन्होंने कांग्रेस से कालाढूंगी सीट पर चुनाव लड़ने का अवसर मांगा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी टिकट देती है तो वह चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा पार्टी के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाएंगे और सामाजिक कार्य जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीति को रोजी-रोटी कमाने या व्यक्तिगत संपत्ति बढ़ाने का माध्यम नहीं बनना चाहिए। यदि उन्हें पार्टी का टिकट मिलता है और जनता का आशीर्वाद प्राप्त होता है तो वह एक ईमानदार और आदर्श विधायक के रूप में काम करने का प्रयास करेंगे। जनता के कार्यों को प्राथमिकता देना और पूर्ण ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी निभाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के पक्ष में काम करने की बात सार्वजनिक होने के बाद उनकी वकालत की प्रैक्टिस में करीब 50 प्रतिशत तक गिरावट आई है। इसके बावजूद वह अपने विचारों और सिद्धांतों पर कायम हैं। उन्होंने इसे चुनावी राजनीति में उतरने का पहला और आखिरी अवसर बताते हुए कहा कि उनके पास आजीविका के लिए वकालत का पेशा है। टिकट मिले या न मिले, वह सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहेंगे।