नैनीताल। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में नैनीताल जिले को नया जिलाधिकारी मिला है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया डीएम बनाया गया है, जबकि वर्तमान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को शासन में अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग निधि यादव को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल जिले की कमान सौंपी गई है। उनके सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ पर्यटन सीजन, यातायात व्यवस्था और विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की चुनौती रहेगी।
शासन ने देहरादून और हरिद्वार के प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है। देहरादून में तैनात अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। हरिद्वार के अपर मेलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।







