नैनीताल | राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद नैनीताल द्वारा प्रान्तीय आव्हान पर शुक्रवार को गेट मीटिंग कार्यक्रम के तहत कोषागार एवं जिला पंचायत कार्यालय में गेट मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने 18 सूत्रीय मांगें पूर्ण होने तक एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया तथा सरकार से मांगों को यथा शीघ्र मंजूर किए जाने का आव्हान किया।परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के समस्त विकास खंडों एवं विकास भवन भीमताल में गेट मीटिंग के पश्चात कार्यक्रम के अंतिम चरण में ट्रेजरी तथा जिला पंचायत कार्यालय में गेट मीटिंग आयोजित की गई। इस दौरान आंदोलन के द्वितीय चरण की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। 
कोषागार कार्यालय में आयोजित गेट मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए विभाग के प्रान्तीय सचिव रितेश मेहरा ने कहा कि कर्मचारी वर्ग 15 जनवरी से आंदोलनरत है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
वहीं जिला पंचायत कार्यालय में गेट मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें पूर्णतः न्यायोचित हैं। उन्होंने कहा कि समस्त निगम, निकाय, विश्वविद्यालय, राजकीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, अशासकीय विद्यालय सहित अन्य सामान्य प्रकृति के कार्मिकों को राज्य कर्मियों की भांति सभी सुविधाएं अनुमन्य किए जाने का निर्णय सरकार को शीघ्र लेना चाहिए।
कोषागार कार्यालय में आयोजित गेट मीटिंग में रणजीत सिंह नेगी, नंदन सिंह, नीतू आर्या, मोहित कन्याल, मोहन हेडिया, नवीन आर्या, पूजा कन्याल, हिमांशु अधिकारी, पूजा पलडिया, सुनील रावत, रितिका, अर्जुन भारती सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित गेट मीटिंग में अनोप सिंह, गोविंद सिंह भोरयाल, निखिल बिष्ट, सतीश बुधानी, अनिल बहादुर चंद, रितू रावत, कृतिका रावत, नरेंद्र रैकवाल, जीतू दानू, दिलीप कनेरा, अक्षय, कुमारी मीनाक्षी, गोविंद बिष्ट एवं सुनील आर्या सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।







