नैनीताल। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 2 सितंबर को सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्र भी बुधवार को बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 2 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी बुधवार को अवकाश अनुमन्य रहेगा। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नैनीताल शहर में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। प्रशासन ने आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।जिला प्रशासन ने अभिभावकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

