नैनीताल। मल्लीताल कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने रविवार शाम त्वरित कार्रवाई और साहस का परिचय देते हुए डीएसबी परिसर के समीप गहरी खाई में गिरे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, रविवार सायं पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के पास एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल दिनेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर अंधेरा, गहरी खाई और दुर्गम रास्ते जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जांच में पता चला कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरा। युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान हेरमन ठिठियो (35 वर्ष), पुत्र अंतोनिस ठिठियो, निवासी डुम्बरपाठ, गुरदरी, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। बताया गया कि वह पिछले कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र स्थित लोकभवन तिराहे के पास एक चर्च में कार्यरत है।
पुलिस और फायर सर्विस की इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान से युवक की जान बच गई।







