नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में धामी सरकार का बड़ा एक्शन, कठघरिया का त्रिशूल होटल सील ★. ABVP नेता पर दुष्कर्म के आरोप के बाद प्रशासन का हंटर, बिना लाइसेंस चल रहा त्रिशूल होटल किया सील

10

हल्द्वानी। हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने मामले से जुड़े त्रिशूल होटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में प्रशासन और प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और होटल को सील करने की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, कठघरिया स्थित इसी होटल में ABVP नेता धीरज बिष्ट और उसके तीन साथियों पर नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई थी। इसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने होटल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की, जिसमें होटल बिना आवश्यक लाइसेंस के संचालित होना पाया गया। इसके बाद टीम ने होटल को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के साथ प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। होटल को सील किए जाने की कार्रवाई को नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद होटल संचालकों और बिना जरूरी अनुमति के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे