नार्को टेस्ट से पहले उर्मिला सनावर को 25 लाख रुपये का प्रलोभन देने का आरोप.. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

4
Oplus_16908288

देहरादून।अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी का नाम उजागर करने का दावा करने वाली उर्मिला सनावर ने एक बार फिर नया आरोप लगाकर मामले को चर्चा में ला दिया है।

उर्मिला ने दावा किया है कि उन्हें नार्को टेस्ट से दूर रहने के लिए 25 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया गया। देहरादून कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बीएस रावत नाम के व्यक्ति ने रात में फोन कर उन्हें 26 नवंबर को प्रस्तावित नार्को टेस्ट में शामिल नहीं होने को कहा
उर्मिला के मुताबिक, इस फोन कॉल के कुछ ही देर बाद पटेलनगर थाने से भी उन्हें फोन आया और बताया गया कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

उन्होंने इन घटनाओं को नार्को टेस्ट से रोकने की कथित साजिश से जोड़ते हुए कहा कि वह किसी भी दबाव में नहीं आएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर को नार्को टेस्ट के लिए जाएंगी और थाने पहुंचकर अपना बयान भी दर्ज कराएंगी।

●सरकार और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप..

उर्मिला ने सरकार और पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और स्वाति नेगी को भी इसी तरह परेशान किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि पहाड़ की बेटियों की अस्मिता से जुड़े मामलों में उन्हें ही सवालों के घेरे में क्यों खड़ा किया जा रहा है। उर्मिला ने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान भी उन्हें संदेश भिजवाए गए और उनकी जरूरतों के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा कि जेल में उन्होंने हर परिस्थिति का सामना किया।

●सुरेश राठौर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर उठाए सवाल..

उर्मिला ने कार्रवाई के मामले में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई, जबकि वह पिछले चार वर्षों से सुरेश राठौर के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश राठौर को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।

उर्मिला के इन आरोपों के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, 25 लाख रुपये के प्रलोभन, धमकी और कथित दबाव से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।