रुड़की। देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। शुक्रवार देर रात गोविंद भवन हॉस्टल के कमरे में छात्र का शव पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी 20 वर्षीय आयुष राजोरिया के रूप में हुई है। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात सामने आई है।सीओ रुड़की ओशिन जोशी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कोतवाली पुलिस को गोविंद भवन हॉस्टल में छात्र के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे तोड़ा गया। अंदर आयुष का शव चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया। कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि नोट में छात्र ने जिंदगी से परेशान होने और जीवन का आनंद नहीं उठा पाने की बात लिखी है। हालांकि, नोट में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
सीओ के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस को मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।







