आमजन को मिलेगी आसान कानूनी मदद, ‘विधि सहयोगी’ एप जल्द होगा लॉन्च… राज्यपाल गुरमीत सिंह के समक्ष हुआ एआई आधारित एप का प्रस्तुतीकरण, कानूनी जागरूकता बढ़ाने की पहल… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

9

देहरादून।आम लोगों को सरल और सुलभ कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘विधि सहयोगी’ मोबाइल एप विकसित किया गया है। इस एप का प्रस्तुतीकरण राज्यपाल गुरमीत सिंह के समक्ष सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि ‘विधि सहयोगी’ एक एआई सक्षम मोबाइल एप है, जिसका उद्देश्य आमजन को सरल भाषा में कानूनी जानकारी प्रदान करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विधिक सहायता तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है। इस एप के माध्यम से उपयोगकर्ता विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, अध्ययन सामग्री हासिल कर सकेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अधिवक्ताओं से भी संपर्क कर सकेंगे।
कुलपति प्रो. बिष्ट ने जानकारी दी कि भविष्य में इस एप में ऑनलाइन परामर्श, केस ट्रैकिंग, दस्तावेज प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। वर्तमान में एप पर कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही इसे लॉन्च किया जाएगा।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने एप के निर्माण में जुड़े विद्यार्थियों एवं टीम को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि एप में समय-समय पर आवश्यक सुधार एवं अपडेट किए जाते रहें, ताकि इसकी उपयोगिता और प्रभावशीलता बनी रहे। साथ ही, उन्होंने एप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए लॉन्च से पूर्व आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।