तीन साल बाद फिर बहेगा जीवनदायिनी धारा का जल… ‘सारा’ योजना के तहत भीमताल के सदियों पुराने प्राकृतिक स्रोत के पुनर्जीवन को मिली मंजूरी…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

10

भीमताल। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 में झील के समीप कुमाऊँ राजमार्ग पर स्थित सदियों पुराना प्राकृतिक जल स्रोत अब फिर से जीवनदायिनी बनने की ओर बढ़ रहा है। पिछले तीन वर्षों से सूखा पड़ा यह ऐतिहासिक धारा अब ‘सारा’ योजना के तहत पुनर्जीवित किया जाएगा। योजना में शामिल किए जाने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए नैनीताल चंद्रा फर्त्याल ने बताया कि धारे के पुनर्जीवन संबंधी प्रकरण को ‘सारा’ योजना में शामिल कर लिया गया है। हाल ही में आयोजित बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई तथा भीमताल खंड विकास अधिकारी को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि वर्ष 2022 में यह प्राचीन जलधारा अचानक सूख गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि धारे के पुनर्जीवन को लेकर लगातार राज्य स्तर तक पत्राचार और मांग उठाई जाती रही। अब मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविंद कुमार पांडेय द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए इसे ‘सारा’ परियोजना में शामिल किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह धारा कभी पूरे क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ कुमाऊँ मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों की प्यास बुझाने का प्रमुख स्रोत हुआ करती थी। तीन साल बाद इसके पुनर्जीवन की उम्मीद से वार्ड-6 समेत आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।