विद्यालय निरीक्षण में बड़ी लापरवाही उजागर तीन दिन से शिक्षक विहीन मिला हेड़िया गांव का स्कूल, सीडीओ ने मांगी रिपोर्ट पदमपुरी इंटर कॉलेज की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक, बच्चों को दिए सफलता के मंत्र… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

19

नैनीताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बुधवार को धारी एवं भीमताल ब्लॉक के विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान हेड़िया गांव स्थित विद्यालय में गंभीर लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।
जानकारी के अनुसार हेड़िया गांव के विद्यालय में कुल 13 छात्र अध्ययनरत हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से विद्यालय में एक भी शिक्षक उपस्थित नहीं मिला। विद्यालय के दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर बताए गए। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षक हरीश चन्द्र पाठक की ड्यूटी लगाई गई थी, किंतु वे भी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से प्रभावित है। ऐसे में बच्चों को विद्यालय में असुरक्षित छोड़ना उनके जीवन से खिलवाड़ करने जैसा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।
वहीं, धारी ब्लॉक स्थित संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज, पदमपुरी का निरीक्षण संतोषजनक रहा। विद्यालय में कुल 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत पाए गए तथा सभी शिक्षक उपस्थित मिले। विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डेय ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों की कक्षा भी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, कठिन परिश्रम करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।