पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में विकासखंड मुनस्यारी की ज्वलंत समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया गया। जिला पंचायत क्षेत्र से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने बरसात से पूर्व क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं और आपदा संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जनता दरबार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, मोटर मार्गों में बंद पड़े कलमट एवं डिस्कवरों को खोलने, जर्जर विद्युत खंभों को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने तथा लंबे समय से ठप पड़े मोबाइल नेटवर्क को दुरुस्त करने की मांग उठाई गई।इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में मोटर पुलों के निर्माण में तेजी लाकर गांवों को जोड़ने, आपदा प्रभावित परिवारों को द्वितीय किस्त का धनावंटन शीघ्र करने एवं प्रभावित परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया तेज करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। साथ ही मोटर मार्गों की क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत कर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बरसात से पहले यदि आवश्यक कार्य पूरे नहीं किए गए तो मुनस्यारी क्षेत्र को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए आवश्यक कार्य बरसात से पूर्व पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूर्तीग त्रिलोक बृजवाल एवं पूर्व यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।







