नैनीताल। केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस के दामों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में रविवार को मल्लीताल स्थित पंत पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कांग्रेस कमेटी उत्तराखंड के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष सचिन नेगी के नेतृत्व में किया गया।
अपराह्न 2 बजे आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।नगर अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और महंगाई के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य गोपाल बिष्ट, मनोज ममघाई, पीके शर्मा, पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव संजय कुमार, नगर पालिका सभासद अंकित चंद्रा, विधानसभा अध्यक्ष शिवम बजाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सिद्धार्थ टंडन, रविंद्र राठौर, अमित पांडे, भुवन बिष्ट, मोहित बिष्ट, नितिन जाटव, नमन, चीमा, अमन, विशाल, इमरान, पम्मा, कैलाश सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







