युवतियों के जरिए ब्लैकमेलिंग रैकेट चलाने का आरोप, मुख्य आरोपी हिरासत में… अवैध बाउंसर रखकर हथियारों के दम पर फैलाता था दहशत, पुलिस की बड़ी कार्रवाई… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल…

82

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मल्लीताल कोतवाली में एक युवती द्वारा शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई गई थी। युवती की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।एसएसपी के अनुसार जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। स्थानीय लोगों एवं भीमताल-भवाली क्षेत्र के निवासियों से मिली जानकारी में सामने आया कि आरोपी नरेश नामक व्यक्ति महिलाओं को आगे कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद महिलाओं के माध्यम से पुरुषों के साथ संबंध स्थापित कर उनके वीडियो बनाए जाते थे और फिर उन्हीं वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों एवं उनके परिवारों को ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि यह पूरा कार्य एक संगठित रैकेट की तरह संचालित किया जा रहा था।पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शारीरिक एवं यौन उत्पीड़न सहित विभिन्न गंभीर आरोपों में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अवैध रूप से चार लोगों को तथाकथित बाउंसर के रूप में रखा हुआ था। पुलिस ने उन चारों को भी हिरासत में लेकर भवाली थाने में पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उनके पास पीएसओ, सुरक्षा एजेंसी अथवा सिक्योरिटी गार्ड संबंधी कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।पुलिस के अनुसार ये लोग हथियार एवं अन्य वेपन्स दिखाकर क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बनाने का काम कर रहे थे। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि मामले में शामिल सभी व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।